नौकरियों का यह क्रम अभी रूकने वाला नहीं है

Share:

आज इस ऐतिहासिक स्थल पर आप सभी का स्वागत करते हैं। आज की यह ऐतिहासिक तारीख इतिहास के पन्नों में नोट की जाएगी कि भारत के इतिहास में प्रथम बार एक राज्य में, एक दिन में, एक विभाग में, एक साथ एक लाख 20 हजार नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। मेरी जानकारी में ऐसा हमारे देश में पहले कभी नहीं हुआ है। आज पूरे राज्य में जो खुशी और उत्साह दिखाई दे रहा है, हम इसके इंतजार में बहुत दिनों से थे। हमें लग रहा था कि जल्द-से-जल्द हमारे नौजवानों के चेहरे पर खुशी दिखे। सभी बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार मिले। इसके लिए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग एवं बिहार लोक सेवा आयोग जिनके सहयोग से रिकॉर्ड समय में यह नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई, सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद। यह कोई मामूली उपलब्धि नहीं है कि एक लाख बीस हजार नौकरियां एक समय में एक विभाग में एक बार में मिला। यह सिलसिला अभी रुकने वाला नहीं है। अभी इसका दूसरा चरण शुरू होने वाला है। अन्य विभागों में भी नौकरियों और रोजगार का पिटारा खुलने वाला है।

15 अगस्त के मौके पर हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जो ऐलान ऐतिहासिक गांधी मैदान से किया था कि 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार बिहारवासियों को दिया जाएगा। उस दिशा में उठाया गया यह अति महत्वपूर्ण कदम है हमें विश्वास है कि हम समय रहते अपना वादा पूरा करेंगे। प्रसन्नता की बात है कि हमारी बहनें बड़ी तादाद में लगभग 48 प्रतिशत परीक्षा पास कर अध्यापक बनी हैं। आप लोग जिस चीज के हकदार थे आज वह अधिकार मिला है। आज एक साथ एक लाख 20 हजार परिवारों में दिवाली का माहौल बन गया है। जो लोग बेरोजगार हैं वह निराश न हों, हमारी सरकार आपको लगातार अवसर देगी।

 

दशहरा से पहले हमारी सरकार ने 75000 सरकारी सेवकों को प्रमोशन का लाभ दिया है जो वर्षों से लंबित था, यह कर्मचारियों को दशहरा का तोहफा था। अब यह दिवाली और छठ का अग्रिम तोहफा है। आप खड़े होकर जोर से ताली बजाकर मुख्यमंत्री जी को इसके लिए धन्यवाद दीजिये। यह गूंज देश के कोने-कोने में जानी चाहिए ताकि हर सरकार को पता चले कि बेरोजगारी देश का असली दुश्मन है। हर सरकार का असली मुद्दा लोगों को रोजगार देना, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देना, लोगों को खुशहाल रखना, उनके साथ एक समान न्याय करना होना चाहिए। इसी तरह सभी सरकारों को सकारात्मक कार्य करना चाहिए। हम लोग कलम बांटने का काम कर रहे हैं, लेकिन इसी समय कुछ लोग तलवार बांटने का काम कर रहे हैं। ऐसे विखंडनवादी प्रवृत्ति के लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। हम लोगों ने राज्य के युवाओं से नौकरी और रोजगार देने का वादा किया था और आप लोगों ने नौकरी के नाम पर वोट दिया था। अब नौकरी मिल रही है। हर साल दो करोड़ रोजगार का क्या हुआ? अब तो पीएम मोदी को भी नियुक्ति पत्र बांटना पड़ रहा है। हमारे मुद्दे पर आना पड़ रहा है। आप लोगों को कैसी सरकार चाहिए हिंदू-मुस्लमान वाली या नौकरी देने वाली? तय आप सभी को करना है। आप लोगों ने जिस उम्मीद के साथ वोट दिया था हम लोग पूरी निष्ठा से उसे पूरा करने की हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं। आज आप लोगों के चेहरे पर जो बड़ी खुशी नौकरी मिलने की है वह आगे भी बनी रहनी चाहिए। इस खुशी के साथ-साथ आपके कंधों पर बड़ी जिम्मेवारी भी है। आपलोगों को लगभग दो करोड़ बच्चों के भविष्य को सुनहरा करना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर हमलोगों को ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। हमने पहले भी कहा था कि बिहार में हमारा होश और जोश तथा मिशन और विजन का गठजोड़ है। हम लोग मिलजुल कर उसे लागू करके बिहार को आगे बढ़ने का काम करते रहेंगे। यह सारा काम हम बिहार सरकार के बलबूते पर कर रहे हैं। अगर थोड़ा-सा सपोर्ट हमें केंद्र सरकार से मिल जाता, जैसे स्पेशल पैकेज, विशेष राज्य का दर्जा जो उन लोगों के द्वारा चुनाव के वक्त वादा किया गया था, तो आज हम देश के टॉप 5 राज्यों में होते। फिर भी अपने बलबूते ही सही जीडीपी में टॉप श्री राज्य में बिहार शामिल है, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में नंबर वन पर हमारा बिहार है। हम लोग लगातार गंभीरता से काम कर रहे हैं और आगे भी काम करते रहेंगे।

Scroll to Top